इस बार ईरान का परमाणु कवच तोड़ना मुश्किल? तेहरान में खलीफा का सबसे बड़ा ऑपरेशन

2 hours ago

Iran crisis: ईरान में खलीफा ने 'ऑपरेशन खातून' लॉन्च कर रखा है. यानी ईरान में विरोधियों के खिलाफ खामेनेई ने सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है. इस अभियान का सबसे बड़ा निशाना वो महिलाएं हैं. जो खामेनेई की सत्ता के लिए खतरा बन सकती हैं. उनमें से एक है वो महिला जिसे दुनिया ने शांति का नोबेल पुरस्कार दिया है. ईरान में उसे सिर्फ खामेनेई और इस्लामिक शासन का विरोध करने के लिए 44 साल की सजा दी गई है. अगले कुछ घंटे ईरान, इजरायल और अमेरिका तीनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं. क्योंकि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर हैं. 24 घंटे के अंदर वॉशिंगटन में बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बड़ी बैठक होगी. जिसमें ईरान पर हमले की डेट तय हो सकती है. हालांकि वेस्ट एशिया से ईरान ने इस संभावित हमले का जवाब देने के लिए डबल लेयर वाली तैयारी की है.  

ईरान में दो महिलाओं की गिरफ्तारी और सजा का विरोध पूरी दुनिया में हो रहा है. ये दोनों महिलाएं ईरान में दशकों से इस्लामिक शासन का विरोध कर रही थीं. इनमें से एक का नाम नरगिस मोहम्मदी है, जिन्हें 2023 में नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया. लेकिन जिस महिला को दुनिया ने शांतिदूत माना उसे ईरान में सरकार का विरोध करने और अशांति फैलाने के आरोप में 7 साल की नई सजा सुनाई गई है. हम नई सजा शब्द का प्रयोग इसलिए कर रहे हैं. क्योंकी नरगिस जब-जब सरकार का विरोध करती हैं, सजा सुना दी जाती है. आप यह जानकर हैरान हो सकते हैं कि कैसे एक भौतिक विज्ञानी, लेखक और मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी की कुल सजा अब 44 साल हो गई है. सोचिए एक महिला जिसने लेख लिखकर महिलाओं के अधिकारों के साथ-साथ चुनावी सुधार की बात की, जिसने ईरानी जेलों के अंदर अत्याचारों का खुलासा किया. उसे सम्मान देने के बजाय ईरान में 44 साल की सजा सुना दी गई. इस घटना से आप समझ सकते हैं कि ईरान के सबसे ताकतवर धार्मिक नेता को इस खातून से कितना डर लगता है. सरकार के लिए नरगिस मोहम्मदी अपराधी हैं. लेकिन ईरान के लोगों के लिए नरगिस मोहम्मदी डर के खिलाफ खड़ी हिम्मत का चेहरा हैं. जिस देश में चुप रहना ही जिंदा रहने की शर्त हो, वहां उन्होंने लगातार बोलना चुना, इसकी कीमत नरगिस ने जेल, यातना और दशकों की सज़ा के रूप में चुकाई. 

नई सजा के एलान के वक्त ईरान की अदालतों ने नरगिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ साजिश की जबकि नरगिस ने जेल में अपने ऊपर हो रहे जुल्मों के खिलाफ आवाज उठाई थी. अदालत ने नरगिस पर राज्य के खिलाफ प्रचार का आरोप लगाया जबकि वो सरकार की गलत नीतियों की आलोचना कर रही थीं. लेकिन ईरान में ये सब अपराध माना जाता है. ईरान में नरगिस को महिला आंदोलन की सबसे बड़ी आवाज़ बनने की सज़ा मिली. 2022–23 के 'Woman, Life, Freedom'आंदोलन का उन्होंने खुला समर्थन किया था. ईरान की नैतिक पुलिस और हिजाब का विरोध किया. लेकिन ईरान के इस्लामिक शासन की नजर में महिला नेतृत्व को सबसे बड़े खतरे के तौर पर देखा जाता है. इसलिए नरगिस जेल में हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

अब तक नरगिस कुल 13 साल की सजा काट चुकी हैं. यानी अपने जीवन का एक दशक से ज्यादा का वक्त उन्होंने जेल में ही गुजारा है. जेल में उनको अकेली कोठरी में रखा जाता है. 2022 में वो कई साल बाद जमानत पर रिहा हुईं. तब उनकी दिल की सर्जरी की गई थी. उसके बाद फिर से उनको वापस जेल भेजा गया. कुछ महीनों पहले उनको फिर से इलाज के लिए जमानत मिली थी. लेकिन इस्लामिक शासन के खिलाफ नए आंदोलन की शरुआत होते ही उनको फिर से गिरफ्तार कर लिया गया. अब अपने बयानों के लिए 7 साल की नई सजा सुना दी गई है.

नरगिस 90 के दशक से खामेनेई शासन का विरोध कर रही हैं. 44 साल की सज़ा सुनाए जाने के बावजूद उन्होंने कभी माफी नहीं मांगी, कभी बयान वापस नहीं लिया. आज उनका एक पुराना वीडियो बहुत वायरल हो रहा है. जब उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था. तब काफी बीमार होने के बावजूद उन्होंने खुले बालों में सरकार विरोधी नारे लगाए. 

नरगिस मोहम्मदी वुमेन, हमेशा लाइफ एंड फ्रीडम का नारा लगाती हैं. ये ईरान के 2022-2023 के बड़े विरोध आंदोलन का सबसे प्रसिद्ध स्लोगन है, जो हिजाब का विरोध कर रहीं महसा अमीनी की मौत के बाद शुरू हुआ था. नरगिस मोहम्मदी कहती हैं कि आजादी हमारा हक है और आजादी जिंदाबाद का नारा बुलंद कर रही है. वो भी तब जब इस महिला की हार्ट की सर्जरी हो चुकी है. जेल की यातनाओं की वजह से वो चल तक नहीं सकतीं. ईरान में ऐसी मजबूत महिलाओं को इस्लामिक शासन का सबसे बड़ा दुश्मन माना जाता है. इसलिए अक्सर वो सलाखों के पीछे रहती हैं. अब खामेनेई समर्थक धार्मिक नेता नरगिस मोहम्मदी को जेल में रखने की जगह तुरंत फांसी देने की मांग कर रहै हैं.

ईरान में जिस दूसरी विपक्षी महिला नेता की गिरफ्तारी की दुनिया भर में आलोचना हो रही है. उनका नाम अजर मंसूरी है. अजर मंसूरी ईरान के सुधारवादी मोर्चा की प्रमुख हैं. ये संगठन ईरान में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव, महिला और नागरिक अधिकार और सुप्रीम लीडर की शक्तियों पर संवैधानिक सीमाओं की वकालत करता है. ये उन ईरानी लोगों का समूह है, जो दुनिया से टकराव नहीं संवाद चाहते है. वहीं जिस वक्त ईरान पर अमेरिका के हमले का खतरा मंडरा रहा है. खामेनेई चाहते हैं, ऐसे सवाल उठाने वाली महिलाएं सलाखों के पीछे ही रहें. इसीलिए अज़र मंसूरी को एक दिन पहले रात को गिरफ्तार कर लिया गया. ईरान में काफी लोकप्रिय अजर मंसूरी जनता और सुधारवादी गुटों के बीच एक पुल का काम करती थीं. लेकिन ईरान में किसी भी तरह की उथल पुथल शुरू होने से पहले उनको जेल में डाल दिया गया है. वैसे ईरान में गिरफ्तार होने वाले बड़े विरोधी नेताओं की लिस्ट लंबी होती जा रही है.\

खलीफा की नई लिस्ट

ईरान में पूर्व उप विदेश मंत्री मोहसेन अमीनजादेह को भी मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया. सुधारवादी नेता अमीनजादेह पश्चिमी देशों से संवाद और परमाणु समझौते के समर्थक हैं. इन पर विदेशी ताकतों से सांठगांठ का आरोप लगाया गया है. इसके लिए ईरान में इनको उम्र कैद या मौत की सजा दी जा सकती है. विपक्षी नेता इब्राहिम असगरजादेह को भी सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया. 1979 में क्रांति के दौरान इब्राहिम अमेरिकी दूतावास पर कब्जा करने वाले छात्र नेताओं में शामिल थे. बाद में इब्राहिम ने इस्लामी शासन की सख़्ती की आलोचना करनी शुरू कर दी. उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे व्यवस्था के भीतर बदलाव चाहते थे. ईरान के सुधारवादी मोर्चे के सेक्रेटरी-जनरल जवाद इमाम को भी गिरफ्तार किया गया है. ये मीडिया में सरकार की नीतियों के मुखर आलोचक थे. जवाद शांतिपूर्ण सुधार और चुनावी राजनीति के समर्थक हैं. इनको भी इस्लामिक शासन का विरोध भारी पड़ा.

यानी खामेनेई हर उस चेहरे को सलाखों के पीछे डाल रहे हैं, जो अमेरिकी हमले के दौरान ईरान में विरोध प्रदर्शन करने वाली भीड़ का नेता बन सकता है या फिर ईरान में ऐसा माहौल बना सकता है, जिससे दुनिया को ईरान अंदर से कमजोर नजर आए. इसलिए आपको ईरान में विरोध प्रदर्शन करने वालों पर सख्ती के आंकड़ों के बारे में भी जानना चाहिए. पिछले एक दशक में ईरान में 3 बड़े विरोध प्रदर्शन हुए.

2019–20 के पेट्रोल और आर्थिक आंदोलन में 7,000 लोग गिरफ्तार किए गए, इसमें 1,000 महिलाएं थीं.
2022–23 में महसा अमीनी की मौत के बाद Woman–Life–Freedom में 20,000 गिरफ्तारियां हुईं, इसमें 7,000 महिलाएं थीं.
2025–26 के सरकार विरोधी आंदोलन में करीब 26,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें महिलाओं की संख्या 8,000 रही.
2022-25 के बीच के चार सालों में ईरान के अंदर लगभग 3,400 लोगों को फांसी भी दी गई है.

जबकि 1979 यानी इस्लामिक क्रांति से अब तक ईरान में कम से कम 31,000 लोगों को फांसी दी गई है, जिनके नाम दस्तावेजों में दर्ज हैं. असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है. ये आंकड़े बताते हैं कि ईरान का इस्लामिक शासन किसी भी आंदोलन को बुरी तरह कुचलने के लिए कुख्यात है. यानी खलीफा को विरोध में उठने वाली शांतिप्रिय आवाजें भी पसंद नहीं आतीं. वैसे ईरान का इस्लामी शासन महिलाओं को आजादी दे या ना दे. लेकिन सलाखों के पीछे डालने में वो महिलाओं से कोई भेदभाव नहीं करता. ईरान का इस्लामिक शासन, महिलाओं को अपने लिए पुरुषों से बड़ा खतरा मानता है.  

एक तरफ ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता देश के अंदर अपने विरोधियों को चुन चुन कर सलाखों के पीछे डाल रहे हैं. दूसरी तरफ ईरान को अपने परमाणु केंद्रों की चिंता भी सता रही है. ईरान को डर है अगर अमेरिका ने हमला किया तो सबसे पहले उसके परमाणु केंद्र निशाने पर होंगे. इसीलिए अब ईरान अपने परमाणु केंद्रों को सील कर रहा है. ईरान के इस्फहान परमाणु केंद्र की सैटेलाइट इमेज से इस बात का खुलासा हुआ है.

ईरान, इस्फहान परमाणु केंद्र की सुरंगों और एंट्री गेट को कंक्रीट और मिट्टी से बंद कर रहा है. ताकि अंदर तक पहुंचना मुश्किल हो जाए.
ईरान की कोशिश है कि अमेरिका के लिए हवाई हमला करना और स्पेशल फोर्स ऑपरेशन से साइट के अंदर घुसना आसान न रहे. इस तरह सुरंगों और गेट को सील करने से बमबारी होने पर नुकसान कम होगा और अंदर रखा यूरेनियम सुरक्षित रह सकता है. ईरान के इस परमाणु केंद्र में यूरेनियम ऑक्साइड को गैस में बदला जाता है. यही गैस आगे नतांज़ और फोर्डो जैसे प्लांट्स में भेजी जाती है, जहां यूरेनियम का संवर्धन होता है. इस्फहान में ईंधन निर्माण, रिसर्च और स्टोरेज से जुड़ी इकाइयां मौजूद हैं. यहां पिछले हमले में भी बम बरसे थे.

इजरायल ने अमेरिकी अधिकारियों से साफ साफ कह दिया है. ईरान अगर इजरायल की तय की गई बैलिस्टिक मिसाइल ‘रेड लाइन’ को पार करता है तो इजरायल जरूर हमला करेगा. इजरायल इस मुद्दे पर इतना आक्रामक है कि उसने अमेरिका की भागीदारी के बिना भी ईरान पर सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर ली है. इजरायल ने ईरान से समझौते के लिए जो शर्त रखी है. उसमें भी ईरान को सिर्फ 300 किलोमीटर की रेंज वाली मिसाइलें रखने की छूट दी है. जिसे ईरान मानने को तैयार नहीं. इजरायली इंटेलिजेंस के मुताबिक ईरान हर महीने 300 बैलिस्टिक मिसाइल बना रहा है. इस हिसाब से हर साल 3,600 मिसाइलें बनेंगी. यानी ईरान भी इस बार लंबे युद्ध के लिए तैयार है.

यानी दोनों देशों के बीच बात नहीं बनने वाली. इस बीच इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू वॉशिंगटन के दौरे पर जा रहे हैं. विशेषज्ञ मान रहे हैं. ये दौरा ईरान पर हमले की आखिरी प्लानिंग और रोल तय करने के​ लिए हो रहा है. इस दौरे से पहले ही वेस्ट एशिया में इतिहास के सबसे अधिक हथियार इकट्ठे किए जा चुके हैं. अमेरिका पहुंचने से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री ने कड़ा संदेश दिया है. 

Read Full Article at Source