इस खूबसूरत देश में सीवर लीकेज से कोहराम, पीने के पानी के लाले, नहाने की मनाही और...

1 hour ago

New Zealand sewage leakage: न्यूजीलैंड जैसे खूबसूरत समुद्री देश में सीवेज लीक ने अबतक की सबसे बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है. राजधानी वेलिंगटन के समुद्र में हुए सीवेज लीक को सरकार ने 'एनवायरनमेंटल डिजास्टर' करार देते हुए नुकसान का आंकलन कराया है. दावा किया जा रहा है कि शहर के वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत में महीनों लग सकते हैं. कुल मिलाकर स्थिति बेहद भयावह है. सीवेज लीक के चलते शहर में पानी की आपूर्ति कराने वाले वेलिंगटन के वाटर वर्क्स डिपार्टमेंट ने पानी की आपूर्ति को दूषित होने से बचाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं. 

समुद्री देश में सीवर लीकेज कितनी बड़ी आपदा?

4 फरवरी 2026 को इस 'आपदा' का पता चला. न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन में मुआ पॉइंट सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में गंभीर खराबी की खबर मिली. इसका कारण लगभग 70 मिलियन लीटर अनुपचारित सीवेज वॉटर का समुद्र में बहना बताया गया है. इसके चलते वेलिंगटन के लोगों को सलाह दी गई है कि वे पानी में न जाएं, सीफूड इकट्ठा न करें, या लोकल बीच पर अपने कुत्तों को भी न घुमाएं.

दक्षिणी तट में बड़ी समस्या

वेलिंगटन प्रशासन के मुताबिक, बुधवार को भारी बारिश के कारण मोआ पॉइंट सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की निचली मंजिलों में पूरी तरह पानी भर गया, जिससे 1.8 किमी लंबी आउटफॉल पाइप में सीवेज बैकअप हो गया, जो आम तौर पर ट्रीटेड गंदे पानी को कुक स्ट्रेट में छोड़ता है. नतीजतन, बिना ट्रीट हुआ सीवेज एक छोटी पांच-मीटर आउटफॉल पाइप से वेलिंगटन के दक्षिणी तट के पानी में बहने लगा.

Add Zee News as a Preferred Source

7 करोड़ लीटर रॉ वेस्ट वाटर लीक

न्यूजीलैंड के 1न्यूज ने बताया कि वेलिंगटन वॉटर के मुख्य कार्यकारी पैट डोहर्टी ने कहा कि लगभग 70 मिलियन लीटर रॉ वेस्ट वॉटर लीक हो गया था. डोहर्टी ने कहा कि आउटफॉल पाइप क्यों फेल हो गई, इसे वो समझ नहीं पा रहे हैं. उन्होंने कहा, 'आउटफॉल पाइपलाइन की क्षमता ट्रीटमेंट प्लांट से अधिक है; इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि कुछ भी हो जाए, यह काम करे.' वेलिंगटन के मेयर एंड्रयू लिटिल ने गुरुवार को इस लीक को 'भयानक विफलता' करार दिया और कहा: 'यह एक सीवेज प्लांट है जो एक बड़े शहर के सीवेज को प्रोसेस करता है, और यह पूरी तरह से फेल हो गया है.'

एक फेसबुक अपडेट में, वेलिंगटन वॉटर डिपार्टमेंट ने कहा कि उसने लंबी आउटफॉल पाइप और स्क्रीनिंग सिस्टम के ऑपरेशन को आंशिक रूप से बहाल कर दिया है, जो गंदे पानी से सैनिटरी पैड और वेट वाइप्स को हटाता है. लेकिन पीक फ्लो के दौरान छोटे पाइप का उपयोग जारी रहने की उम्मीद है. यह रिसाव वेलिंगटन के दक्षिण तट के समुद्र में हो रहा है, जिसने लोगों की सेहत संबंधी चिंताओं को बढ़ा दिया है.

मछलियों को खतरा- करोड़ो का नुकसान

इस विनाशकारी दुर्घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने दक्षिण तट के समुद्र तटों को बंद करते हुए लोगों को फिलहाल कुछ दिन स्विमिंग से बचने के साथ-साथ शेलफिश इकट्ठा करने से बचने की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने अपने सर्कुलर नोटिस में लिखा है कि पानी में बैक्टीरिया और वायरस का खतरा है इसलिए वेलिंगटन में डाइविंग और स्कूबा डाइविंग के शौकीनों को चेतावनी दी जाती है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों यानी समस्या के समाधान होने तक पानी में जाने से बचें. शहर के डाइविंग सेंटर्स के मालिक चिंता में हैं.

डाइव वेलिंगटन के ओनर डेव ड्रेन ने कहा, बुकिंग कैंसिल होने से मोटा नुकसान होगा. राइड्स कैंसिल हो रही हैं. हमारे पास के रिजर्व में 30 स्टूडेंट्स को पहले से प्लान की गई डाइव कैंसिल करनी पड़ी है. (IANS)

Read Full Article at Source