Last Updated:March 14, 2026, 14:28 IST
Donald Trump India News: ईरान के खिलाफ जंग की वजह से मुश्किलों में घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब भारत के लिए यह खास भेजा है. अमेरिका की दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और ट्रंप की करीबी समर्थक लॉरा लूमर ने ट्रंप का भारत के लिए भेजा गया यह खास संदेश पढ़कर सुनाया.

‘मैं भारत से प्यार करता हूं… मैं मोदी से प्यार करता हूं…’ ईरान के खिलाफ जंग की वजह से मुश्किलों में घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब भारत के लिए यह खास भेजा है. अमेरिका की दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और ट्रंप की करीबी समर्थक लॉरा लूमर ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में ट्रंप का भारत के लिए भेजा गया यह खास संदेश पढ़कर सुनाया. लूमर ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में आने से करीब एक घंटे पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बातचीत की थी. उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया.
लूमर ने मंच से ट्रंप का संदेश पढ़ते हुए कहा, ‘मैं भारत से प्यार करता हूं. कृपया भारत के लोगों को बता दीजिए कि मुझे प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय लोग बहुत पसंद हैं. प्रधानमंत्री मोदी एक शानदार नेता हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी हैं. भारत के लोगों को बता दीजिए कि मैं जल्द ही फिर से भारत की यात्रा पर आऊंगा.’
पीएम मोदी को करीबी दोस्त मानते हैं ट्रंप
ट्रंप का यह संदेश कॉन्क्लेव में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. कार्यक्रम में वैश्विक राजनीति, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही थी. इस दौरान लॉरा लूमर ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी मित्र मानते हैं और दोनों नेताओं के बीच मजबूत संबंध हैं.
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर घनिष्ठ संबंध देखने को मिले हैं. दोनों नेताओं ने कई मौकों पर एक-दूसरे की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया है.
भारत दौरे पर भी खूब दिखी थी दोस्ती
इन रिश्तों की सबसे चर्चित झलक साल 2020 में देखने को मिली थी, जब डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे पर आए थे. उस समय अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप ने संयुक्त रूप से बड़ी जनसभा को संबोधित किया था. इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे और इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से एक ऐतिहासिक क्षण माना गया था.
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी जैसे कई क्षेत्रों में लगातार सहयोग बढ़ा है. दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी काम किया है, जिससे द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं.
कौन हैं लॉरा लूमर?
लॉरा लूमर अमेरिका में ट्रंप समर्थक राजनीतिक धड़े की प्रमुख आवाज मानी जाती हैं. वह ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ यानी MAGA आंदोलन से जुड़ी रही हैं और अक्सर अपने विवादित बयानों और तीखे राजनीतिक विचारों के कारण चर्चा में रहती हैं. खास तौर पर आप्रवासन और अंतरराष्ट्रीय राजनीति जैसे मुद्दों पर उनकी राय काफी मुखर रही है.
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में ट्रंप का यह संदेश पढ़े जाने के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत और राजनीतिक रिश्तों को लेकर चर्चा तेज हो गई है. साथ ही इस बयान के बाद ट्रंप के संभावित भारत दौरे को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं.
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
March 14, 2026, 14:28 IST

2 hours ago
