बांग्लादेश में चुनावी माहौल के बीच जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होता है, तो उनकी पार्टी जनता का फैसला मानने के लिए तैयार है. यह बयान उन्होंने राजधानी ढाका के मोनीपुर हाई स्कूल एंड कॉलेज मतदान केंद्र पर सुबह करीब 8:30 बजे वोट डालने के बाद दिया.
“फ्री एंड फेयर चुनाव होगा तो नतीजे मानेंगे”
The Daily Star में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मीडिया से बातचीत में शफीकुर रहमान ने कहा, “अगर वोटिंग स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से होती है, तो हम परिणाम स्वीकार करेंगे. दूसरों को भी जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए.” उन्होंने देशभर के मतदाताओं से अपील की कि वे शांतिपूर्वक मतदान केंद्रों पर जाएं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें.
2014, 2018 और 2024 में नहीं डाल पाए थे वोट
जमात अमीर ने बताया कि वे पिछले तीन आम चुनावों 2014, 2018 और 2024 में वोट नहीं डाल सके थे क्योंकि उस समय वे जेल में थे. उन्होंने कहा, “करीब डेढ़ दशक तक वोट देने के अधिकार से वंचित रहने के बाद आज मुझे वोट डालने का मौका मिला. अल्हम्दुलिल्लाह, अल्लाह ने हमें यह दिन दिखाया.” उन्होंने इसे अपने लिए भावुक क्षण बताया और कहा कि सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि देश के कई युवा भी पहली बार वोट डालने को लेकर उत्साहित हैं.
“यह चुनाव बांग्लादेश में नए दौर की शुरुआत बने”
शफीकुर रहमान ने उम्मीद जताई कि यह चुनाव देश में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा. उनका कहना था, “हम चाहते हैं कि यह चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और हिंसा से मुक्त हो. ऐसी सरकार बने जो किसी व्यक्ति, परिवार या पार्टी की नहीं, बल्कि देश के 18 करोड़ लोगों की हो.” उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि उनकी पार्टी जनता के समर्थन से सरकार बनाने में सफल होगी.
देशभर के हालात पर रखेंगे नजर
वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि वे अन्य मतदान केंद्रों का भी दौरा करेंगे और स्थिति पर नजर रखेंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी गड़बड़ियों को नजरअंदाज किया जा सकता है, लेकिन अगर बड़े स्तर पर अनियमितता हुई तो पार्टी आवश्यक कदम उठाएगी.
मीडिया पर भी दिया बयान
मीडिया कवरेज को लेकर उन्होंने कहा कि सभी मीडिया संस्थान एक ही खबर को अलग-अलग तरीके से पेश करते हैं. उन्होंने साफ कहा, “अगर कोई अपराध करता है even अगर वह मैं ही क्यों न हूं तो मैं उसके खिलाफ हूं. लेकिन जो अपराध नहीं है, उसे अपराध बताना और भी बड़ी गलती है.”

1 hour ago
