Last Updated:February 11, 2026, 12:19 IST

P-8I Submarine Hunters Deal With America: अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच रिश्ते बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं. ट्रेड डील को दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक मील का पत्थर बताया जा रहा है. इससे दोनों मुल्कों के बीच व्यापार में और तेजी आने की उम्मीद है. इस डील के बाद अन्य क्षेत्र में भी कई अन्य डील्स पर गाड़ी सरपट दौड़ने लगी है. इसी कड़ी में भारत अपनी नौसेना को और मजबूत बनाने के लिए अमेरिका से छह अतिरिक्त बोइंग पी-8आई टोही विमान खरीदने की तैयारी में जुटा है. द इंडियन एक्सप्रेस अखबार ने रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से लिखा है कि रक्षा खरीद बोर्ड ने 16 जनवरी को इन टोही विमानों की खरीद से जुड़ी फाइल पर अपनी मुहर लगा दी. अब 12 फरवरी को होने वाली रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) की बैठक में इस विषय पर चर्चा होगी. डीएसी की मंजूरी के बाद सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी इस सौदे पर अंतिम मुहर लगाएगी.
यह खरीद अमेरिका के साथ अंतर सरकारी समझौते के तहत होगी. इसी तरह से भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे. 2020 में रक्षा खरीद से जुड़ी एक नीति में बदलाव के बाद इस सौदे से भारत में ऑफेसट निवेश, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, ज्वाइंट-प्रोडक्शन या रखरखाव जैसे मुद्दे हटा दिए गए थे. यानी इस खरीद से मेक इन इंडिया नीति का कुछ भी लेना देना नहीं रहेगा.
राफेल से दोगुना है दाम
पी-8आई विमान एक मल्टी रोल लॉन्ग रेंज मैरीटाइम रेकॉन्सेंस एंटी-सबमरीन वारफेयर विमान है. यानी मौजूदा वक्त में यह दुनिया का सबसे उन्नत नौसैनिक टोही विमान है. ऐसे विमान चीन के पास भी नहीं है. भारतीय नौसेना के पहले से ऐसे 12 विमान हैं. इन छह की खरीद से उसके पास ऐसे विमानों की संख्या 18 हो जाएगी जो भारत के विशाल समुद्री सीमा को देखते हुए बहुत जरूरी है. हिंदी महासागर में चीन लगातार अपनी ताकत और मौजूदगी बढ़ा रहा है. ऐसे में भारत को ऐसे टोही विमानों की सख्त जरूरत है. रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर 2019 में डीएसी ने छह अतिरिक्त पी-8आई विमानों की खरीद को मंजूरी थी. अप्रैल 2021 में अमेरिकी रक्षा विभाग ने इसको 2.42 अरब डॉलर यानी करीब 22 हजार करोड़ रुपये में बिक्री को मंजूरी दी थी. लेकिन, रिपोर्ट में कहा गया है कि लागत काफी अधिक होने के कारण यह सौदा नहीं हो पाया. अब फिर से सौदे की कीमत पर बातचीत होगी.
एक टोही विमान की कीमत 5 से 6 हजार करोड़ रुपये
हालांकि बीते पांच सालों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में हथियारों की कीमत काफी बढ़ी है. ऐसे में इस सौदे की लागत भी बढ़ने की संभावना है. कुछ रिपोर्ट के मुताबिक नए सिरे से चल रही बातचीत में छह विमानों का सौदा करीब तीन से चार बिलियन डॉलर यानी 27 हजार से लेकर 36 हजार डॉलर के बीच हो सकती है. यानी एक टोही विमान की कीमत पांच से छह हजार करोड़ रुपये के बीच आने की संभावना है. आप इस कीमत का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि भारत आज की तारीख में जो 114 राफेल लड़ाकू विमानों का सौदा करने जा रहा है उसमें एक विमान की कीमत करीब 2800 करोड़ रुपये है. यानी अमेरिकी टोही विमान राफेल से भी दोगुना महंगे हैं. इन अमेरिकी टोही विमानों को आसमान का आंख कहा जाता है. यह समंदर की गहराइयों में छिपी चीनी और पाकिस्तानी पनडुब्बियों को डिटेक्ट करने में सक्षम हैं. जहां तक चीन की बात है तो उसके पास भी पी-8आई जैसे टोही विमान नहीं है.
डोकलाम और गलवान के वक्त LAC पर हुई थी तैनाती
निगरानी के मामले में ये दुनिया के सबसे उन्नत विमान हैं. इसमें कोई शक नहीं है. बीते एक दशक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में निगरानी के लिए ये विमान 44 हजार घंटे से अधिक की उड़ान भर चुके हैं. ये केवल समुद्री नहीं बल्कि जमीनी निगरानी में उस्ताद हैं. 2020 में चीन के साथ डोकलाम और गलवान घाटी में हुए संघर्ष के वक्त वास्तविक नियंत्रण रेखा के चीनी साइड की गतिविधियों की जानकारी लेने के लिए इन विमानों को तैनात किया गया था. इन विमानों की सेवा मानवीय अभियानों को लिए भी ली जा चुकी है. इसको लापता हुए एमएच370 उड़ान की खोज में भी तैनात किया गया था.
चीन के पास क्या है विकल्प?
चीन के पास ऐसे विमान नहीं है. अमेरिका चीन को ये विमान बेच भी नहीं सकता. उसके पास इस शांझी वाई-8 और वाई-9 जैसे विमान हैं, जो एडवांस टोही विमान हैं लेकिन वे पी-8आई को टक्कर नहीं दे पाएंगे. पी-8आई का प्लेटफॉर्म बोइंग- 737-800 है जो एक बेहद पावरफुल विमान है. जबकि चीन का सिस्टम सोवियत संघ के वक्त के विमान एएन-12 पर आधारित है. टेक्नोलॉजी, स्पीड और मल्टी मिशन फ्लेक्सिबिलिटी के मामले में पी-8आई दुनिया के द बेस्ट टोही विमान हैं. यह चीनी सिस्टम से काफी अव्वल है. पी-8आई 41 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है, जबकि चीनी विमान केवल 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ सकते हैं. इतना ही नहीं पी-8आई में हार्पून ब्लॉक (Harpoon Block) -2 मिसाइलें लगी हैं जो मौजूदा वक्त में दुनिया की सबसे उन्नत एंटी शिप मिसाइल है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
February 11, 2026, 12:19 IST

1 hour ago
