Last Updated:February 06, 2026, 01:21 IST
IMD Weather Alert: मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दो पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है. आने वाले 3 दिनों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिलेगा. शुक्रवार को बिहार, उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली एनसीआर में कोहरे का असर दिख सकता है. वहीं, उत्तराखंड में पाला गिरने की संभावना है.

Weather Warning News: मौसम एक बार फिर से जबरदस्त करवट बदलने वाला है. एक तरफ पहाड़ों पर ‘सफेद आफत’ यानी बर्फबारी का दौर लौटने वाला है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे और प्रदूषण का ‘डबल अटैक’ जारी है. हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी में पारा गिरकर -14.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग (IMD) ने लोगों से ठंड से राहत की उम्मीद नहीं पालने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुासर, 9 फरवरी से एक नया और ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर भारत पर दस्तक देने वाला है. इधर, दिल्लीवाले ‘खराब’ हवा में सांस लेने को मजबूर हैं. वहीं, पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड को देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है.
हिमाचल में ‘येलो अलर्ट’
हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर शुरू हो चुका है. लाहौल और स्पीति के कुकुमसेरी में तापमान -14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इंसान को जमाने के लिए काफी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार (6 फरवरी) के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. यह चेतावनी मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के लिए है, जहाँ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगा.
फिर से बर्फबारी की चेतावनी
5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. लेकिन, असली खतरा अभी आना बाकी है! 8 फरवरी की रात से एक नया और ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) हिमालयी क्षेत्र को अपनी चपेट में लेगा. इसके असर से 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश का एक और दौर (Wet Spell) शुरू होगा, जो उत्तराखंड तक को हिला कर रख देगा.
दिल्ली गैस चैंबर बनी, सांसों पर संकट
राजधानी दिल्ली का हाल बेहाल है. यहां सुबह की धूप तो खिली, लेकिन हवा ‘जहरीली’ है. दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 271 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार से शनिवार तक कोहरे का अलर्ट जारी किया है. यानी धुंध और धुएं का यह कॉकटेल दिल्लीवासियों का जीना मुहाल करेगा. यहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है.
उत्तर से दक्षिण तक मौसम का ‘एक्सट्रीम’ खेल
मौसम का यह खेल सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं है. देश में तापमान का अंतर आपको चौंका देगा. जहां राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, वहीं कर्नाटक के कारवार में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया है. यानी एक ही देश में कहीं लोग रजाई में दुबके हैं, तो कहीं पसीने छूट रहे हैं.
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 06, 2026, 01:21 IST

1 hour ago
