Last Updated:February 12, 2026, 06:57 IST
IMD Weather Today: सर्दी का मौसम ढलान पर है, पर कुछ मौसमी दशाओं के चलते लगातार बदलाव आ रहे हैं. मौसम विभाग ने अब एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है. इसकी वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में बर्फबारी के साथ बारिश की प्रबल संभावना बनी हुई है. पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम के तेवर में बदलाव आने की संभावना है.

IMD Weather Today: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है. IMD के अनुसार एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनके प्रभाव से 13 फरवरी और 16-17 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इससे उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ सकती है और जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं. IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्रों में 13, 16 और 17 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर वर्षा और हिमपात हो सकता है. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में भी 11, 12 और 14 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो 16 और 17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं. इसके अलावा लक्षद्वीप में 11 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी में 13 फरवरी को बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा है. तापमान को लेकर पूर्वानुमान में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले पांच दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है. देश के अन्य हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है.
Daily Weather Briefing English (11.02.2026)
Under the influence of Western Disturbance rainfall/snowfall likely over the Western Himalayan region on 13th February.
तापमान बढ़ेगा, कोहरा भी होगा
अधिकतम तापमान के संदर्भ में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों तक स्थिति स्थिर रहने की उम्मीद है, जिसके बाद इसमें भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. कोंकण और गोवा तथा तटीय कर्नाटक में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है, जबकि उसके बाद मौसम स्थिर रह सकता है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की है. मेघालय में 12 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 13 फरवरी तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है. इससे यातायात, खासकर सड़क और हवाई सेवाओं पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखें और आवश्यक सावधानियां बरतें. पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, वहीं किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए उपयुक्त कदम उठाने को कहा गया है.
दिल्ली-NCR में गर्मी की आहट
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ा है. बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5.2°C ज्यादा है. वहीं, न्यूनतम तापमान 13.2°C रहा, जो औसत से करीब 3°C अधिक है. यह दिन का तापमान पिछले 100 दिनों में सबसे ज्यादा है. इससे पहले इतना ही अधिकतम तापमान 07 नवंबर 2025 को रिकॉर्ड किया गया था. इसी तरह न्यूनतम तापमान 13.2°C भी 5 नवंबर 2025 के बाद सबसे ज्यादा है. इससे पहले जनवरी के आखिर और फरवरी 2026 के पहले हफ्ते में कई दिनों तक न्यूनतम तापमान डबल डिजिट में यानी 10°-11°C के बीच दर्ज किया गया था.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 12, 2026, 06:53 IST

2 hours ago
