Last Updated:February 08, 2026, 08:44 IST
Agniveer Recruitment Rules 2026: अग्निवीर भर्ती 2026 में बड़ा बदलाव किया गया है. अब आवेदन के समय ही उम्मीदवारों को अपना ट्रेड चुनना होगा. 10वीं पास को 9 और 8वीं पास को 2 ट्रेड का विकल्प मिलेगा. अग्निवीर भर्ती फॉर्म भरने से पहले समझिए इस साल के नए नियम.

नई दिल्ली (Agniveer Recruitment Rules 2026). भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए 2026 की भर्ती प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं. इस बार न केवल आवेदन की प्रक्रिया बदली है, बल्कि अनुशासन के नियम भी ज्यादा सख्त कर दिए गए हैं. सबसे चौंकाने वाला नियम उम्मीदवारों की वैवाहिक स्थिति को लेकर है. नई गाइडलाइंस के अनुसार, केवल अविवाहित उम्मीदवार ही भर्ती के पात्र होंगे और 4 साल की सेवा अवधि के दौरान उन्हें शादी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
अगर कोई अभ्यर्थी इस नियम का उल्लंघन करता है या पहले से शादीशुदा पाया जाता है तो उसे तुरंत भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा. अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का दूसरा सबसे बड़ा बदलाव ‘ट्रेड’ के चुनाव को लेकर है. अब तक उम्मीदवार रैली के बाद ट्रेड पाते थे, लेकिन अब आवेदन फॉर्म भरते समय ही अपना कार्यक्षेत्र चुनना अनिवार्य होगा. यह बदलाव युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार विभाग चुनने की आजादी तो देता है, लेकिन साथ ही जिम्मेदारी भी बढ़ा देता है.
अग्निवीर भर्ती 2026: इन नियमों को नजरअंदाज करना पड़ेगा भारी
भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026-27 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस बार की भर्ती में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव ‘ट्रेड सिलेक्शन’ और ‘मैरिटल स्टेटस’ को लेकर है.
शादी की शर्त: 4 साल तक रहना होगा अविवाहित
सेना ने साफ कर दिया है कि अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं को अपनी पूरी सेवा अवधि यानी 4 साल तक अविवाहित रहना होगा. अगर कोई उम्मीदवार प्रशिक्षण या सेवा के दौरान शादी करता है तो उसे सेवा मुक्त कर दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि अग्निवीर पूरी तरह से अपने प्रशिक्षण और देश सेवा पर ध्यान केंद्रित कर सकें, इसलिए यह नियम बनाया गया है.
ट्रेड चुनाव का नया गणित
अब अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के ट्रेड खुद भरने होंगे. नए नियमों के अनुसार:
10वीं पास अभ्यर्थी: अधिकतम 9 अलग-अलग ट्रेड चुन सकते हैं.
8वीं पास अभ्यर्थी: इनके लिए 2 ट्रेड का विकल्प दिया गया है. आवेदन के समय दी गई यह प्राथमिकता ही तय करेगी कि ट्रेनिंग के बाद आपको कौन सा काम मिलेगा.
एक आवेदन, दो पदों का मौका
इस साल एक बड़ी राहत यह दी गई है कि अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार एक ही आवेदन फॉर्म के जरिए दो अलग-अलग पदों (जैसे GD और टेक्निकल) के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे आवेदन शुल्क और समय दोनों की बचत होगी, लेकिन ट्रेड का चुनाव बहुत सावधानी से करना होगा.
चयन प्रक्रिया का बदला क्रम
2026 की अग्निवीर भर्ती में अब सबसे पहले ऑनलाइन ‘कॉमन एंट्रेंस एग्जाम’ (CEE) होगा. इस लिखित परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवारों को ही अग्निवीर फिजिकल फिटनेस टेस्ट और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा. शारीरिक दक्षता के मानकों में कोई बड़ी ढील नहीं दी गई है. हालांकि सेना ने दौड़ के नियमों में भी हल्की राहत दी है. अब 1.6 किमी की दौड़ पूरी करने के लिए समय सीमा को फ्लेक्सिबल बनाया गया है.
About the Author
With more than 10 years of experience in journalism, I currently specialize in covering education and civil services. From interviewing IAS, IPS, IRS officers to exploring the evolving landscape of academic sys...और पढ़ें
First Published :
February 08, 2026, 08:44 IST

1 hour ago
