कुछ ही क्षण पहले
कॉपी लिंकदेश में फिल्म दर्शक सिनेमाघर लौटने लगे हैं। इस साल की पहली छमाही (जनवरी-जून 2025) में रिलीज फिल्मों ने 5,723 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड कमाई की। यह 2022 के बाद सर्वाधिक और पिछले साल से 14% अधिक है।
ऑरमैक्स मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कमाई के आंकड़े 2022 के रिकॉर्ड से महज 12 करोड़ रुपए कम हैं। 2022 में 5,738 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी। वहीं, 2023 में 4,883 करोड़ रुपए और 2024 में 5,032 करोड़ कमाई हुई थी।
2025 की टॉप 5 फिल्मों में 4 हिंदी फिल्में शामिल हैं बता दें कि इस छमाही में 70% अधिक यानी 17 फिल्मों ने 100 करोड़ रुपए से अधिक कमाए। 2024 में ऐसी 10 फिल्में थीं।
2025 में अब तक सिर्फ एक ही फिल्म ‘छावा’ 250 करोड़ रुपए के क्लब में पहुंच पाई है। फिल्म ने 693 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके बाद सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म रही ‘संक्रांति वस्तुनाम’, जिसने 222 करोड़ रुपए जुटाए हैं।

विक्की कौशल स्टारर फिल्म 'छावा' 14 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
तीसरे नंबर पर रही आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ (201 करोड़ रुपए) और चौथे स्थान पर अक्षय कुमार की ‘हाउसफुल 5’ (200 करोड़ रुपए)। वहीं ‘रेड 2’ ने 199 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।
गौरतलब है कि 'सितारे जमीन पर' और 'हाउसफुल 5' अभी भी थिएटर में चल रही हैं।
महीनों की बात करें तो फरवरी 2025 में सबसे ज्यादा 1264 करोड़ रुपए की कमाई हुई, लेकिन इसके बाद कोई बड़ी ब्लॉकबस्टर नहीं आई।
2025 में हिंदी का रहा दबदबा साल 2025 में कमाई के मामले में हिंदी की हिस्सेदारी 39% रही, वहीं, 2024 में 40% थी। वहीं, तेलुगु (19%), तमिल (17%), मलयालम (10%), हॉलीवुड (10%) और अन्य भाषाओं (5%) का योगदान रहा। हॉलीवुड का हिस्सा तीन साल बाद फिर दोहरे अंकों में पहुंचा है।
जून में बॉक्स ऑफिस पर 920 करोड़ रुपए की कमाई हुई। यह साल का चौथा श्रेष्ठ महीना रहा। 2 साल में पहली छमाही बॉक्स ऑफिस पर 42% का योगदान देती आई है।
इस अनुमान से पूरे साल की कमाई 13,500 करोड़ रुपए रहने की उम्मीद है। ऑरमैक्स मीडिया के अनुसार ऐसा हुआ तो यह बॉक्स ऑफिस का सबसे अच्छा साल होगा।
हालांकि, यह कांताराः चैप्टर 1, अवतारः फायर एंड ऐश, वॉर 2, कुली, अखंड 2, थामा आदि पर निर्भर करेगा।